गोंडा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली स्वामी नारायण छपिया मंदिर देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मंदिर परिसर को भव्य रूप से तिरंगे से सजाया गया। वहीं भगवान घनश्याम महाराज की प्रतिमा भी राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से सुसज्जित नजर आई। इस अवसर पर महंत देव स्वामी, गुरु जगत प्रकाश स्वामी एवं कोठारी विष्णु स्वामी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश की सुख-समृद्धि और एकता की कामना की। पूजा के उपरांत मंदिर परिसर में देशभक्ति गीतों और भजनों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे श्रद्धालुओं में राष्ट्रप्रेम की भावना और प्रबल हुई। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया। तिरंगे की छटा और धार्मिक आस्था के संगम ने छपिया मंदिर को देशभक्ति का प्रतीक बना दिया।