गाजीपुर पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हॉल में शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय विशेष योग एवं तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लगातार ड्यूटी एवं कार्य के दबाव के बीच पुलिसकर्मियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखना रहा। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों को प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने शरीर को लचीला बनाने एवं मानसिक शांति बनाए रखने के उपाय बताए। इसके साथ ही जुम्बा सेशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुम्बा के माध्यम से ऊर्जा स्तर बढ़ाने और मनोरंजक तरीके से कैलोरी बर्न करने का अभ्यास कराया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली काफी चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में मानसिक शांति एवं शारीरिक स्फूर्ति बनाए रखने के लिए योग और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।