गाजीपुर जिले के जमानिया क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से शुक्रवार को क्षेत्र में व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस अभियान का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया। जागरूकता रैली और संवाद के दौरान स्वयंसेवकों ने स्थानीय लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने युवाओं से अपील की कि वे नशे की लत से दूर रहें और एक स्वस्थ, नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर स्थानीय पुलिस चौकी के कर्मी, एनसीसी प्रभारी डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, डॉ. अमित कुमार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।