गाजीपुर पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने कदमताल कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से डायल 112 सेवा में शामिल की गई तीन नई स्कॉर्पियो गाड़ियों और पांच नई बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न थानों से आई डायल 112 वाहनों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति, उपकरणों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही डायल 112 कंट्रोल रूम और जीडी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। साप्ताहिक अर्दली रूम के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।