गाजीपुर में विकास भवन सभागार में राज्य कर विभाग द्वारा शनिवार को आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम हंगामों से भरा रहा। कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं ने सीडीओ संतोष कुमार वैश्य पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए बीच कार्यक्रम में सभागार से बाहर निकलकर सीडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में शामिल हाईकोर्ट के अधिवक्ता दीपक उपाध्याय ने बताया कि विकास भवन सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान राज्यकर का कार्यालय नगर पालिका से करीब आठ किलोमीटर दूर होने से व्यापारियों के साथ ही राज्यकर के कर्मचारियों के समस्या से सीडीओ को अवगत कराया। मौजूदा समय का कार्यालय जहां पर है वह विवादित भूमि है। दूसरा वहां पर आए दिन आपराधिक घटनाएं होती रहती है, जिससे व्यापारी वहां जाने में अपने को असुुरक्षित महसूस करते हैं। सीडीओ से इस कार्यालय को नगर पालिका क्षेत्र भूमि आवंटित कराने की मांग की। इस पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीडीओ संतोष कुमार वैश्य अभद्रता करने लगे। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया है।