गाजीपुर जिले में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को थाना बिरनो परिसर में में थाना दिवस पर प्रार्थना- पत्रों पर सुनवाई की। थाना दिवस पर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनने के साथ राजस्व व पुलिस विभाग की टीमों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया। साथ ही दोनों अधिकारियों ने अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य रजिस्टरों की भी जांच की। डीएम और एसपी ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को टीम बनाकर मौके पर जाकर शिकायतों को गंभीरता से लेकर शत-प्रतिशत निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में उच्चाधिकारी स्तर पर कार्रवाई आवश्यक है, उनमें तत्काल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेजा जाए, जिससे समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर पुलिस व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।