गाजीपुर जनपद में जर्जर सरकारी कार्यालयों के भवन व निजी मकान बारिश में हादसे को निमंत्रण दे रहे हैं। जिले में कितने निजी मकान जर्जर हैं। इसका आंकड़ा जिला प्रशासन के पास नहीं है, क्योंकि इनका सर्वे अभी तक नहीं हुआ है। नोटिस भेजना तो दूर की बात है। वहीं जिले में 541 से अधिक विभिन्न सरकारी विभागों के भवन जर्जर हो चुके हैं। जर्जर निजी मकानों की बात छोड़िए, जिला प्रशासन की ओर से सरकारी विभागों के जर्जर भवनों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। संबंधित विभागों की ओर से अपने-अपने विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर कर्तव्यों की इति श्री कर ली गई। यहां तक कि बरसात के मौसम को देखते हुए जर्जर सरकारी भवनों के पास हादसे को लेकर कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। शिक्षा से लेकर बाल विकास एवं पुष्टाहार, पशु पालन, कृषि, साधन सहकारी समिति, स्वास्थ्य आदि विभागों के जर्जर भवन हैं। इनमें कार्य करने वाले अधिकारी व कर्मचारी भी अनहोनी की आशंका से हर पल सहमे रहते हैं।