दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन, आमरण-अनशन और संसद मार्च के समर्थन में भाकपा-माले और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने सोमवार को आक्रोश दिवस मनाया। इस मौके पर सरजू पांडेय पार्क में आयोजित धरना सभा में पार्टी के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मोदी सरकार संविधान एवं लोकतंत्र को खत्म करने की अंतिम कोशिश कर रही है। पेपर लीक एवं परीक्षा तंत्र में घोटाले के विरुद्ध जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों, युवाओं पर दिल्ली पुलिस की ओर से किए गए बर्बर लाठीचार्ज ने स्पष्ट कर दिया है कि यह सरकार पेपर लीक करने वालों एवं घोटालेबाजों की सरकार है। उन्होंने कहा कि पुलिस की लाठियां टूट जाएंगी लेकिन नौजवानों का हौसला नहीं टूटेगा। आरवाईए के जिला सचिव किशन वनवासी ने कहा कि छात्रों, नौजवानों ने पेपर लीक, परीक्षा तंत्र में घोटाले के विरुद्ध जो लड़ाई छेड़ी है उसे हम गांव-गांव गली-गली तक ले जाएंगे और सरकार को बाध्य कर देंगे कि वह इसकी जिम्मेदारी ले। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को देकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, एनटीए को भंग करने, नई शिक्षा नीति को वापस लेने, मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने का निर्णय रद्द करने की मांग की गई।