गाजीपुर में राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर चढ़ावा चोरों से मुक्ति के लिए सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली। कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में निकली पदयात्रा सरजू पांडे पार्क (कचहरी) से शुरू होकर सिकंदरपुर स्थित शिव मंदिर पहुंची। वहां कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर देश व प्रदेश के शासकों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे और पशुपति राय ने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय और शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनआस्था और जवाबदेही की मांग उठा रही है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। पदयात्रा में बटुक नारायण मिश्रा, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली, विद्याधर पांडे, राजेश गुप्ता, रामनगीना पांडे, उषा चतुर्वेदी, आशुतोष गुप्ता, आलोक यादव, राशिद,आदि शामिल रहे।