फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव मिलिक में भट्ठे के सामने एक व्यक्ति का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। देररात सड़क किनारे शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उत्तम नगर सैलई थाना रामगढ़ निवासी चंदन (30) फायर सेफ्टी में काम करता था। वह छह बहन और तीन भाई थे। सोमवार देररात दो बजे करीब उसका शव सांती रोड गांव मिलिक भट्ठा के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। देररात काम कर घर लौट रहे राहगीरों की निगाह उस पर पड़ी। जिससे सनसनी फैल गई। शोर- शराबा की आवाज होने पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी जानकारी इलाका पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, उसके परिजनों को जानकारी दी गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया युवक का सड़क किनारे शव पड़ा था। उसकी पहचान करके परिजनों को जानकारी दी गई है। युवक के गले पर धारदार हथियार के चोट के निशान है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।