फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मंगलवार देर रात लगभग तीन सप्ताह पहले शिक्षक दंपती से हुई लूट के मामले में फरार चल रहे दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इन अपराधियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि वारदात सिर्फ लूट की नहीं, बल्कि पीड़ित महिला के सुहाग की निशानी और भावनात्मक मूल्य की वस्तु मंगलसूत्र से जुड़ी थी। पुलिस 22 दिन से अपराधियों के पीछे लगी थी।