फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र में शनिवार की रात ट्रेनिंग सेंटर से छुट्टी पर आए रिक्रूट आरक्षी ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। मामला गंभीर होने पर ढाबे के स्टाफ ने रंगरुट की पिटाई कर दी। स्टाफ के लोगों ने उसे पीटते हुए वीडियो भी बनाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए रंगरुट और होटल स्टाफ के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। मामले की वीडियो वायरल हुआ है। नगला सिंघी के गांव नगला बलिया निवासी दुष्यंत पुलिस भर्ती परीक्षा में पास होने के बाद जनपद फतेहगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। वह शनिवार को वहां से छुट्टी लेकर घर आया था। वह बस से राजा का ताल स्थित मास्टर ढाबे पर उतर गया। इसके बाद उसने ढाबे पर ही शराब का सेवन किया। फिर तो नशा ऐसा सिर चढ़कर बोला कि कुछ समय पहले ही मिली वर्दी की मर्यादा को भूलकर उसने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इस पर स्टाफ ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।