फिरोजाबाद में नववर्ष के पहले दिन आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नए साल की शुरुआत भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। गोपाल आश्रम, बिहारी जी मंदिर और वैष्णो देवी धाम में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसरों में जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जैन समाज के श्रद्धालु भी नव वर्ष पर जैन मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। नसियाजी मंदिर में विश्व शांति विधान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। नव वर्ष के अवसर पर मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।