फिरोजाबाद। मौत और जिंदगी के बीच फासला महज चंद मिनटों का था, लेकिन फिरोजाबाद के पचोखरा थाने की पुलिस की तत्परता ने यमराज को खाली हाथ लौटने पर मजबूर कर दिया। नगला महादेव गांव में शुक्रवार की रात एक घर के भीतर मौत का सन्नाटा पसरने ही वाला था कि तभी खाकी ने देवदूत बनकर दस्तक दे दी। घरेलू कलह से तंग आकर एक महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी की ठान ली थी। वह कमरे में बंद थी और मौत को गले लगाने ही वाली थी कि तभी सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर महिला को फंदे पर झूलने से पहले ही सुरक्षित बचा लिया। रेस्क्यू के बाद पुलिस ने न केवल महिला की जान बचाई, बल्कि परिवार की काउंसिलिंग कर बिखरते हुए घर को भी संभाला।