फिरोजपुर जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल परिसर में बाहर से नशीले पदार्थ, मोबाइल और तेजधार हथियार फेंके जाने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन द्वारा की गई तलाशी के दौरान विभिन्न पैकेट बरामद किए गए। इनमें 455 तंबाकू की पुड़िया, नौ मोबाइल फोन, छह सिगरेट की डिब्बियां, 60 नशीले कैप्सूल, 90 ग्राम हेरोइन और एक तेजधार तलवार शामिल है। इसके अलावा एक डोंगल, तीन डाटा केबल, दो बैटरियां और दो पाउच कूल लिप भी बरामद हुए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर थाना सिटी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री बाहर से फेंकने वाले कौन लोग हैं।