फिरोजाबाद के मटसेना क्षेत्र के गांव दबरई में पारिवारिक विवाद में शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद उसके घर में उसकी 22 वर्षीय पत्नी का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। इस घटना से दंपती की ढाई माह की मासूम बच्ची अनाथ हो गई है। पुलिस को ग्रामीण व परिजन से मिली जानकारी के अनुसार गांव दबरई निवासी मजदूर प्रमोद कुमार ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर शनिवार सुबह घर से निकल गया था। सुबह नौ बजे करीब ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रमोद की आत्महत्या की खबर मिलने पर जब ग्रामीण उसके घर पहुंचे तो वहां उसकी पत्नी निशा का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे पर लटका मिला। परिजन व ग्रामीण निशा को तत्काल अस्पताल लेकर गए वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।