फिरोजाबाद के थाना लाइनपार के राम नगर थियेटर वाली गली में शुक्रवार को बच्चे से बाइक टकराने के विवाद ने बड़ी मारपीट का रूप ले लिया। बच्चे के परिजनों ने बाइक सवार के साथ मारपीट कर दी। वहीं, काफी देर तक जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वाकये के अनुसार बच्चों के खेलते समय एक बाइक सवार निकल रहा था। बाइक एक बच्चे से टकरा गई। बच्चे के परिजनों ने बाइक सवार युवक के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान राहगीरों की भीड़ लग गई। बच्चे के परिवार के कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर आ गए। लाठी-डंडे चलते ही अफरा-तफरी मच गई। राहगीर सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ने लगे। मारपीट होते ही किसी ने वीडियो बना ली। वीडियो में लाठी- डंडे जमकर चलते दिख रहे है। वहीं, वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जो कि दिनभर चर्चा में रही। बताया जाता है कि एक महिला के भी हल्की चोट भी आई है। थाना प्रभारी रमित कुमार आर्या ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।