फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में आगरा की ओर से आ रहे कार सवार युवक ने पहले प्राइवेट बस में टक्कर मारी। इसके बाद डिवाइडर के ऊपर चढ़कर अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई। कार में चालक एक महिला के साथ मौजूद था। महिला नगरपालिका में कर्मचारी बताई जा रही है। सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि साढ़े 12 बजे करीब एक सफेद रंग की कार को शंभू नगर निवासी एक युवक चला रहा था। उसके पिता पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। युवक कार को लेकर आगरा की ओर से आ रहा था। कार सवार जैसे ही सुभाष तिराहे के पास पहुंचा। उस दौरान इटावा की ओर से एक प्राइवेट बस सवारियों को लेकर नोएडा जा रही थी, तभी कार अनियंत्रित होकर पहले बस में टक्कर मारी। इसके बाद भी कार की स्पीड कम नहीं हुई। कार डिवाइडर पर चढ़कर सड़क के दूसरी ओर पहुंचकर वहां लगे हुए विद्युत पोल से तेज गति से जा टकराई। टक्कर लगने से बस का दरवाजा बंद हो गया। जिससे सवारियां फंस गईं। कार में नगरपालिका में तैनात एक महिला कर्मचारी भी मौजूद थी। लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी करने के बाद कार को हटवाया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक पहले कार को पुलिस के साथ थाने तक ले गए। इसके बाद वहां से वापस लौटाकर देररात पौने एक बजे करीब शंभूनगर ले गए। कार के अंदर महिला की चप्पलें पीछे की सीट के नीचे पड़ी हुई मिलीं। महिला भी मौका पाकर वहां से निकल गई। वहीं चालक ने अपना मोबाइल चोरी होने का आरोप भी लगाया है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि अनियंत्रित होकर कार बस में टकराई। इसके बाद विद्युत पोल से जा टकराई थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। इस घटना में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।