खेत पर रविवार रात पानी लगाने गए युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्याकांड के करीब 12 घंटे बाद छोटे भाई ने पिता की दोनाली बंदूक से खुद के पेट में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिला अस्पताल से घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में बड़े भाई की हत्या में छोटा भाई संदेह के घेरे में है। सर्विलांस टीम कई नंबरों की जांच में जुटी है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर निवासी वीरेंद्र सिंह का पुत्र उदय प्रताप उर्फ राम सिंह (35) किसान था। वह तीन साल पहले सऊदी से लौटा था और गांव में रहता था। उसकी पत्नी एक बेटे संग मायके कौशांबी में रहती है। इधर, करीब तीन माह पहले राम सिंह का छोटा भाई श्याम सिंह भी सउदी से लौटा है। दोनों भाई गांव में खेती करते हैं।