सावन के पहले सोमवार पर केदारनाथ धाम की तर्ज पर बने केदारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार देर रात से ही कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। ढोल-नगाड़ों के बीच आरती के बाद भोर से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सोमवार सुबह मंदिर में विशेष यज्ञ, हवन और कलश पूजन का आयोजन किया गया। इसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक अंशुल यादव अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। दोनों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।