एटा के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से 42 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। युवक एसएसओ भगवानदास के कहने पर विद्युत लाइन से जुड़ी समस्या को ठीक करने में मदद कर रहा था। इसी दौरान तार को ऊपर करते समय अचानक हाईटेंशन लाइन में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आकर युवक बुरी तरह झुलस गया। घायल की पहचान ओमवीर पुत्र मिहलाल, निवासी ककोड़ा उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है। परिजन उसे तत्काल अलीगंज स्थित हत्सारी रोड के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। मामले पर अलीगंज एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के मुताबिक राजा का रामपुर विद्युत उपकेंद्र पर लाइन का शटडाउन था। इसके बावजूद हाईटेंशन लाइन में करंट कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी जांच के बाद ही इस संबंध में आगे कुछ कहा जा सकेगा। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सैकड़ों के संख्या में लोग थाना राजा का रामपुर पहुंचे। घायल ओमवीर के भाई जय प्रकाश ने विद्युत विभाग के विरुद्ध थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।