एटा के अलीगंज क्षेत्र के गांव विजैदेपुर के पूर्व प्रधान की हत्या से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें प्रधान पक्ष का एक आरोपी घायल अवस्था में उसको पीटे जाने की जानकारी दे रहा है। प्रधान अमित और पूर्व प्रधान जयसिंह के बीच बिजली घर के सामने जमीन को लेकर विवाद था। राजनीतिक प्रतिद्वंदी होने के साथ ही जमीन का विवाद होने पर दोनों में रंजिश तेजी से बढ़ गई। प्रधान अमित के भाई श्याम सिंह फौजी का मकान भी यहीं है। 22 अक्तूबर को पूर्व प्रधान जयसिंह कस्बे से बाइक से गांव जा रहे थे। बिजलीघर के सामने पहुंचने पर दोनों पक्ष में विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर पथराव और लाठी-डंडों के हमले में पूर्व प्रधान जयसिंह की मौत हो गई। वायरल वीडियो में प्रधान का भतीजा शिवम घायल अवस्था में बता रहा है कि पूर्व प्रधान के परिजन ने घर का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया। वहां से भागते समय उसका पीछा कर पीटते हुए उसे अधमरा कर दिया। पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में उसके पुत्र सर्वेश ने नौ लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी प्रधान अमित, प्रेमसिंह, अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जाएगा।