एटा के जलेसर में बांग्लादेश के हालातों पर लोगों में उबाल है। कस्बे में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए आगरा चौराहे और इसौली चौराहे पर प्रदर्शन किया। हिंदू युवकों की हत्या के विरोध में बांग्लादेश सरकार का पुतला और झंडा जलाया। एमजीएम इंटर कॉलेज पर एकत्रित हुए विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। मुख्य बाजार, चर्च रोड, मंडी जवाहरगंज, नाला बाजार, कला बाजार, बड़ा बाजार, पोस्तीखाना, शेरगंज, कटरा चुंगी, नई तहसील मार्ग होते हुए आगरा चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बांग्लादेश सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस का पोस्टर लेकर नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाया। इससे पहले अन्य कार्यकर्ताओं ने मोहल्ला हथौड़ा से जुलूस निकाल इसौली चैराहे पर पहुंचकर बांग्लादेश का झंडा और मोहम्मद यूनुस का पुतला जलाया। विहिप के रूपम गुप्ता ने कहा वर्ष 1946 से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद यूनुस से शांति नोबेल पुरस्कार वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार से इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में सत्येंद्र सिंह जादौन, विनोद बघेल, कृष्णा बघेल, दीपक वार्ष्णेय, रामप्रकाश कश्यप, विनय गोयल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।