एटा के जलेसर में अतिक्रमण को लेकर एसडीएम भावना विमल ने नाराजगी जताते हुए कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले हटाने की चेतावनी दी। मंगलवार को कोतवाली में हुई शांति समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के समय मीट और अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रोगी। दो घंटे चली बैठक में कांवड़ यात्रा और मुहर्रम की व्यवस्थाओं पर धर्म गुरुओं से चर्चा की गई। एसडीएम ने धर्म गुरुओं से ताजिए और जुलूस के रूट पर चर्चा की। बैठक में मौजूद विद्युत निगम के एसडीओ अजीत उपाध्याय से बिजली आपूर्ति बेहतर रखे जाने को कहा गया। साथ ही पालिका प्रशासन को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखे जाने को कहा गया। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस की कड़ी चौकसी रहेगी। सभी चौराहे-तिराहे पर ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। विहिप के नगर अध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय ने पिछली बार कांवड़ यात्रियों के साथ हुई अभद्रता की घटना का जिक्र किया। कोतवाली प्रभारी डॉ. सुधीर राघव, ईओ प्रद्युम्न कुमार, शहर इमाम हाफिज मोहम्मद असलम, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि संजीव वर्मा, रूपम गुप्ता, विवेक जैन आदि मौजूद थे।