एटा में 2526 अस्थि कलश को लेकर सोमवार को आगरा की क्षेत्र बजाजा कमेटी की अस्थि विसर्जन यात्रा निकली। शहर और अवागढ़ में लोगों ने अस्थि रथ पर पुष्प वर्षा कर नमन किया। आगरा की श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी ने 2526 अज्ञात व असहाय मृतकों के अस्थि फूलों को गंगा में विसर्जन के लिए अस्थि कलश यात्रा शहर से निकाली। रथ यात्रा का स्वागत अवागढ़ व जीटी रोड स्थित श्रीराम दरबार मंदिर पर पर पुष्प वर्ष कर किया गया। कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने बताया कि 1997 से लगातार यह कार्यक्रम किया जा रहा है। अज्ञात मृतकों का दाह संस्कार कर उनकी अस्थियों को हर तीन वर्ष बाद गंगा में विसर्जित किया जाता है। कमेटी के महासचिव राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग और कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल ने बताया कि सोरों पहुंचकर मानव श्रृंखला बनाकर गंगा में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। इससे पहले अवागढ़ में आगरा रोड स्थित फार्म हाउस पर नगर के व्यापारियों ने शॉल ओढ़ाकर व प्रतीक चिह्न भेंट कर सभी आगंतुकों के जलपान की व्यवस्था की। प्रवेश अग्रवाल ने नौ साल से किए जा रहे इस कार्य की प्रशंसा की। इस दौरान धर्मेश गोयल, अनिल चौहान, मुन्नालाल गुप्ता, लक्ष्मण वार्ष्णेय, कपिल वार्ष्णेय, नितिन गोयल, कमलेश वार्ष्णेय, मनोरमा गोयल, रेखा आदि मौजूद थे।