एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के पंचपुरा गांव में सोमवार देर रात एक टेंट हाउस की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। लपटों पर काबू पाया। टेंट हाउस संचालक गुड्डू शाक्य ने बताया कि वे सोमवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर गए थे। देर रात किसी अज्ञात कारण से आग लग गई, जिसकी जानकारी सुबह ग्रामीणों से मिली। आग की चपेट में आकर करीब 250 कुर्सियां, लगभग 100 गद्दे, 100 रजाइयां, पांडाल सामग्री, टेंट मशीनें, साउंड बॉक्स सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नष्ट हो गए। संचालक के अनुसार अग्निकांड में करीब तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के रिहायशी हिस्सों तक फैलने से बच गई।