एटा के अलीगंज के नयागांव निवासी लज्जाराम की वृद्ध पत्नी रामादेवी (65) ने गृहक्लेश से तंग आकर बुधवार को काली नदी में छलांग लगा दी। वृद्धा की तलाश में रेस्क्यू लगातार जारी है, लेकिन 24 घंटे बीतने पर भी वृद्धा नहीं मिल सकी है। थाना व कस्बा नयागांव में लज्जाराम का पत्नी से विवाद रहता था। बुढ़ापे में भी परेशान किए जाने पर रामादेवी गुस्से में आकर बुधवार को घर से निकली और काली नदी पुल पर पहुंचकर छलांग लगा दी। काफी देर तक वापस न आने पर परिजन ने रामादेवी की तलाश की। किसी ने उनके काली नदी में कूदे जाने की जानकारी दी। इस पर परिजन ने थाना पुलिस से संपर्क कर रेस्क्यू कराया। काली नदी के पानी का तेज बहाव रेस्क्यू में गोताखोरों को परेशान कर रहा है। 24 घंटे बीतने पर भी सुराग नहीं लग सका है। तहसीलदार हिमांशु पांडेय ने बताया कि रेस्क्यू तेज करा दिया है।