एटा में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बुधवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि जनता के कार्यों में बिचौलियों का दखल न हो। जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन हस्तांतरण, नवीन पंजीकरण, ऑनलाइन टैक्स डिपोजिट आदि सहित सभी व्यक्तिगत सेवाओं की प्रक्रिया को खुद जाना और प्रक्रिया अधिकतम ऑनलाइन, सुगम एवं नागरिक हितैषी बनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था एवं आउटसोर्स एजेंसियों की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनियमितता, अवैध वसूली या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में आमजन की सहायता के लिए अधिकृत व्यवस्था हो सकती है, लेकिन किसी भी प्रकार की दलाली, ब्लैकमेलिंग, अवैध हस्तक्षेप अथवा संगठित गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया। ई चालान, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस आदि बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।