एटा के जलेसर में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को भाजपाइयों ने पदयात्रा निकाली। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। इसमें 200 फीट का तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा के समापन पर सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का सभी ने संकल्प लिया। सिकंदराराऊ रोड स्थित गैस गोदाम से बुधवार सुबह 10 बजे शुरू हुई पदयात्रा निधौली चौराहा, घंटाघर, बड़ा बाजार, शेरगंज, चुंगी गेट होते हुए सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में स्कूलों के बच्चे हाथों में तिरंगा थामे हुए चल रहे थे। देशभक्ति और जोश से लबरेज स्कूलों के बच्चे भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगा रहे थे। पदयात्रा में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड्स, पीआरडी जवान सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चे शामिल थे। यात्रा मार्ग पर नगर पालिका ने विशेष सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराया था। इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर में एक प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें सरदार पटेल के जीवन को प्रदर्शित करने वाले चित्र थे। यात्रा में विधायक संजीव दिवाकर, पालिकाध्यक्ष पति संजीव वर्मा, डीसीबी चेयरमैन एवं पूर्व एमएलसी प्रत्येंद्र पाल सिंह, पवेंद्र पाल सिंह, आदित्य मित्तल, सचिन उपाध्याय, मनोज बजरंगी, रमेश पाल सिंह, शीलेष गौतम, गजेंद्र धनगर आदि रहे।