कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को जिले के कोटेदारों ने एसएसबीएल इंटर कॉलेज से लेकर कलक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने कलक्ट्रेट में आधे घंटे तक धरना दिया। संगठन की ओर से मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपा गया। फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के नेतृत्व में कोटेदार सुबह में एसएसबीएल इंटर कॉलेज के सामने जुटे और यहां से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट तक गए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष विश्वजीत मणि व कार्यकारी जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्र ने कहा कि कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।