फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन कर सरकार को दी चेतावनी; VIDEO

अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 29 Jan 2026 06:24 PM IST

विकास के दावों की पोल खोलती सरोली ग्राम सभा की मुख्य सड़क आज बदहाली के आंसू रो रही है। वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रही इस सड़क को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर उतरकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द मरम्मत न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहरी छोर से मुख्य बस्ती और वहां से प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर तक जाने वाली पिच रोड पिछले कई वर्षों से पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि यह पहचानना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। प्रदर्शन कर रहे सुभाष राम और दिवाकर राम ने बताया कि इसी जर्जर मार्ग से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का आना-जाना होता है। दिन के उजाले में तो राहगीर जैसे-तैसे निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ। हम कई वर्षों से इस समस्या को झेल रहे हैं। शासन-प्रशासन हमारी सुध नहीं ले रहा है। अगर जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो हम आगे भी प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में अवनीश कुमार, रामबचन, इंजल, दिवाकर राम, ओमप्रकाश राम, बृजेश आदि लोग रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें