सिक्स लेन मार्ग पर स्थित चंदासी कोल मंडी इन दिनों यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। हालात यह हैं कि कोल मंडी से जुड़े 300 से अधिक ट्रक 24 घंटे मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं। इससे सिक्स लेन का एक बड़ा हिस्सा पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे खड़े ट्रकों की वजह से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि हर समय दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। खासकर रात के समय सड़क पर खड़े ट्रक जानलेवा साबित हो सकते हैं। दोपहिया वाहन चालकों और छोटे वाहनों को अचानक ट्रकों के सामने आ जाने से मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि कोल मंडी में आने वाले ट्रक अपनी बारी का इंतजार करते हुए सिक्स लेन पर ही खड़े हो जाते हैं। इसके चलते सड़क संकरी हो जाती है और आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इसके बावजूद न तो ट्रकों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है और न ही प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नजर आ रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार इस समस्या की शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों की मांग है कि चंदासी कोल मंडी के लिए अलग ट्रक पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाए और सिक्स लेन पर खड़े ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि सड़क का उद्देश्य पूरा हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।