ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षोन्नयन संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का बुधवार को भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे वातावरण पूरी तरह शैक्षिक व सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर तीन सेवानिवृत्त शिक्षकों—राम प्रसाद पाण्डेय (कम्पोजिट विद्यालय घोड़सारी), गुलाब शर्मा (कम्पोजिट विद्यालय भोड़सर) तथा नेसार अहमद सिद्दीकी (कम्पोजिट विद्यालय बडौरा) को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर देवव्रत सिंह को भी उनके शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सभी को अंगवस्त्र, धार्मिक पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। संगोष्ठी के दौरान शिक्षण गुणवत्ता में सुधार, नवाचार और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर आनंद पाण्डेय, भूपेंद्र यादव, केशरी नंदन जायसवाल, संतोष पाण्डेय, अच्युतानंद त्रिपाठी, वरुणेन्द्र पाठक, सत्येन्द्र सिंह, मनोज तिवारी, कन्हैया लाल गुप्ता, विजय श्याम, विमला देवी, उषा सिंह, मुसाफिर सिंह सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह ने किया।