पीडीडीयू नगर के पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेब (लू) के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में रेड अलर्ट घोषित होने के बाद राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय में मरीजों की सुरक्षा और उपचार के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि शासन से जारी एडवाइजरी के अनुसार अस्पताल में ओआरएस कॉर्नर और कूल रूम की स्थापना की गई है, ताकि लू और तेज बुखार से प्रभावित मरीजों को तुरंत राहत दी जा सके। उन्होंने कहा कि कूल रूम में ऐसी व्यवस्थाएं की गई हैं, जहां हाइपरपायरेक्सिया (अत्यधिक तेज बुखार) या हीट स्ट्रोक के मरीजों को सामान्य तापमान वाले वातावरण में रखा जा सके। कमरे में एसी, आईवी फ्लूइड्स और आइस पैक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे मरीजों को तत्काल सामान्य स्थिति में लाने में मदद मिल सके।डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चूंकि जिले में रेड अलर्ट जारी है, इसलिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो छाता, टोपी और धूप के चश्मे का उपयोग करें। साथ ही हल्के रंग के सूती और पूरी आस्तीन वाले कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि लोग हीटवेब से बचाव के उपाय अपनाकर सुरक्षित रह सकें।