चंदौली में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आईटीआई रेवसा सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण से जुड़े अधिकारियों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक एवं अतिरिक्त सहायक ईआरओ शामिल हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक छूटने न पाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन, पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर फॉर्म अपलोडिंग में तेजी लाने पर जोर दिया।