इलिया कस्बे के यादव बस्ती में लंबे समय से जाम पड़े सीवर की सफाई बृहस्पवितार को आखिरकार शुरू हो गई। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एडीओ पंचायत अरविंद कुमार सिंह की निगरानी में सफाई कर्मियों की टीम द्वारा शुरू किया गया। अधिकारियों के सक्रिय हस्तक्षेप के बाद गली में बहते सीवर के गंदे पानी से निजात मिलने की संभावना बनी है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। कस्बे के यादव बस्ती में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और नियमित सफाई न किए जाने के कारण नालियां पूरी तरह जाम हो गई थीं। ओवरफ्लो होती नालियों से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा था। बरसात के समय स्थिति और भी बदतर हो जाती थी, जब गली तालाब का रूप ले लेती थी। राहगीर और स्थानीय निवासी गंदे पानी में होकर आने-जाने को मजबूर थे। बुधवार को नाराज ग्रामीणों ने नाले के बीच खड़े होकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अमर उजाला ने इस खबर को ‘नाराज ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ किया प्रदर्शन’ शीर्षक से 3 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का असर यह हुआ कि प्रशासनिक महकमे की नींद टूटी और गुरुवार सुबह एडीओ पंचायत अरविंद कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंच गए। एडीओ पंचायत ने मौके पर ही सफाई कर्मियों की टीम लगाई और जाम सीवर की सफाई कार्य शुरू कराई। उन्होंने बताया कि सीवेज में मवेशियों के मल-मूत्र सहित कई प्रकार की गंदगी जमी थी, जिसकी वजह से पहले दिन में ही पूरी सफाई संभव नहीं हो सकी। लेकिन जब तक सीवर और गली की पूरी तरह से सफाई नहीं हो जाती, टीम कार्य में जुटी रहेगी। स्थानीय लोगों ने सफाई कार्य शुरू होने पर संतोष जताया और अमर उजाला का आभार व्यक्त किया कि उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिससे प्रशासन को हरकत में आना पड़ा।