पं दीनदयाल उपाध्याय नगर के मान सरोवर तालाब पर आरपीएफ जवानों का अलग ही रूप दिखा। महिला एसआई और कांस्टेबल के साथ अन्य जवानों ने बुजुर्ग और व्रती महिलाओं को जीटीआर ब्रिज से सुरक्षित ढंग से तालाब तक पहुंचाया। रेलवे लाइन के किनारे जीटीआर ब्रिज के नीचे मानसरोवर तालाब पर छठ व्रतियों की अत्यधिक भीड़ जुटती हैं। रेलवे लाइन के किनारे होने के कारण व्रतियों को खतरा बना रहता है। वहीं रेलवे पुल पर मेला देखने वालों की भीड़ से रास्ता जाम होता है। इसको देखते हुए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी राज के निर्देश पर पीडीडीयू पोस्ट प्रभारी प्रदीप रावत के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बृहस्पतिवार की शाम के बाद शुक्रवार की भोर में जवानों ने न सिर्फ यातायात व्यवस्था संभाली बल्कि व्रतियों को सुरक्षित ढंग से सरोवर तट तक पहुंचाया।