कमालपुर से देवकली गांव होते हुए लगभग 10 गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भर गया है। इससे राहगीरों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण उजागीर सिंह, विनोद सिंह, ग्राम प्रधान हनुमान बिन्द, बेचई यादव का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है। कहा कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। रोज कोई न कोई गड्ढों में फिसलकर गिर जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह सड़क एक बड़ी मुसीबत बन चुकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क दो साल पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। नतीजतन कुछ ही महीनों में सड़क उखड़ने लगी और अब पूरी तरह से टूट चुकी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अमरदेव ने बताया कि सड़क के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। धन उपलब्ध होते ही बरसात के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।