संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव पर विस्तृत और प्रभावी भाषण देते हुए केंद्र सरकार के बजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी और जन-अपेक्षाओं पर आधारित बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच देश को स्थिरता और विकास की नई दिशा प्रदान करेगा। साथ ही उन्होंने वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की भूमिका की भी प्रशंसा की। अपने भाषण में उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास और कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स पार्क और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े प्रावधान उत्तर प्रदेश को देश की आर्थिक धुरी बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों, दलहन-तिलहन उत्पादकों और छोटे किसानों के लिए बजट में किए गए प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई शक्ति देंगे। सिंचाई, भंडारण और एग्री-बेस्ड उद्योगों को मजबूत किए जाने से किसानों की आय में वृद्धि होगी।