नौगढ़ मझगाई स्थित रेंज कार्यालय का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना भी कराई गई। मझगाई रेंज कार्यालय वर्ष 2004 में नक्सली हमले के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद सुरक्षा कारणों से कार्यालय को जयमोहनी रेंज में स्थानांतरित कर दिया गया था। लंबे अंतराल के बाद अब 22 वर्ष पश्चात कार्यालय को पुनः मझगाई में संचालित किया गया है।रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यालय के पुनः शुरू होने से स्थानीय लोगों और वन विभाग के कर्मचारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब क्षेत्रीय वन संरक्षण, गश्त, वन्यजीव प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक कार्य सीधे मझगाई से संचालित किए जाएंगे, जिससे कार्यों में तेजी आएगी।उन्होंने कहा कि इस पहल से जंगलों की सुरक्षा, अवैध कटान पर नियंत्रण और वन्यजीव संरक्षण को और अधिक मजबूती मिलेगी। क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय बेहतर होने से वन विभाग की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। शुभारंभ कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डब्ल्यू सिंह, प्रधान प्रतिनिधि शेरू यादव, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।