धानापुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में मंगलवार को दिन के लगभग 12 बजे दिव्यांग झारखंडे बिंद की रिहायशी मड़ई में आग लग गई। देखते ही देखते तीन मड़ई जलकर राख हो गई। भुक्तभोगी शादी-विवाह में डेकोरेशन का कार्य करता है। आग की चपेट में आने से मड़ई में रखे रोड लाइट, डीजे, डेकोरेशन के सामान सहित राशन आदि जलकर राख हो गए। भुक्तभोगी ने बताया कि वह कस्बा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर कुछ कार्य करने आया था। उसकी पत्नी खेत में घास करने गई थी और बच्चे बाहर खेल रहे थे। तभी अचानक एक-एक कर तीनों मड़ई जलने लगी। आग की लपटें देख ग्रामीण पानी से भरी बाल्टी लेकर दौड़े और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। साथ ही आग लगने को जानकारी अग्निशमन को दी।सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया कि आग में गृहस्थी सहित जीविकोपार्जन के लिए रखा लाखों रुपए के डेकोरेशन का सारा सामन जलकर राख हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गरीब दिव्यांग की सहायता की मांग की है।