मुगलसराय थाने और चंदौली के मुख्य अग्निशमन कार्यालय के द्वार पर पिछले पांच वर्षों से अवैध वाहन स्टैंड का संचालन हो रहा है। यहां 24 घंटे 50 से अधिक मालवाहक खड़े रहते हैं। इनमें से 20 से ज्यादा वाहन तो सड़क पर ही खड़े होते हैं। विडंबना यह है कि थाने और अग्निशमन कार्यालय में रोज ही जिले के उच्चाधिकारियेां का आवागमन होता है पर यह समस्या किसी को नहीं दिखाई देती। चंदौली प्रशासन और पुलिस एक ओर पूरे जिले में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला रही है। नवागत एसपी आकाश पटेल भी दो दिन पहले पीडीडीयू नगर में भ्रमण कर सड़क पर हुए अतिक्रमण को सात दिन के अंदर हटाने की चेतावनी दे चुके हैं पर विडंबना यह है कि मुगलसराय थाने और मुख्य अग्निशमन कार्यालय के द्वार पर ही पिछले पांच वर्षों से अवैध वाहन स्टैंड का संचालन हो रहा है। यहां दिन रात हर समय 50 से ज्यादा मालवाहक खड़े रहते हैं। इसके बावजूद आजतक इनपर एक बार भी कार्रवाई नहीं की गई। सड़क पर खड़े इन वाहनों से सड़क भी संकरी होती है जो स्कूलों के छुट्टी के समय जाम का कारण बनती है। हैरानी की बात यह है कि इतने संवेदनशील स्थान पर खुलेआम चल रहे इस अवैध स्टैंड पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि यहां से प्रतिदिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है।