धानापुर क्षेत्र के नरौली गांव में शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक भीषण आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। इस दर्दनाक घटना ने पत्ततू निषाद के परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है, जहां बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। पत्ततू निषाद के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए बाल्टी, पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास के अन्य घरों को नुकसान होने से बचा लिया गया।इस अगलगी में घर में रखा सारा सामान जल गया। सिलाई मशीन, चौकी, अनाज जैसे दाल, चावल, गेहूं सहित सभी घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। इसके साथ ही करीब 20 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि पत्ततू निषाद की बेटी की शादी 12 मई को तय थी। घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है। अब परिवार के सामने शादी और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को सहारा मिल सके। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि सूचना बाद मौके पर राहत कार्य किए गए।