नगर के कैथापुर स्थित माउंट बिकन इंग्लिश स्कूल में अमर उजाला द्वारा अपराजिता 100 मिलियन स्माइल के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण नंद बॉक्सिंग एकेडमी के ट्रेनर शालिनी जायसवाल ने दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आत्म विश्वास और आत्मरक्षा के गुर से लड़कियां अपनी सुरक्षा कर सकती हैं। इसलिए हर किशोरी को आत्मरक्षा के गुर आने चाहिए। ट्रेनर शालिनी जायसवाल ने कहा कि आत्मरक्षा का ज्ञान बालिकाओं को आत्मविश्वासी और निडर बनाता है, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकती हैं। प्रशिक्षण सत्र के दौरान बालिकाओं को रोजमर्रा की परिस्थितियों में होने वाली संभावित घटनाओं से बचाव की जानकारी दी गई। उन्होंने शरीर के विक पॉइंट (कमजोर हिस्सों) पर हमला कर स्वयं को बचाने की कला, यदि कोई सामने से पकड़ ले तो छूटने की तकनीक, पीछे से हाथ पकड़ने या बांधने पर छुड़ाने के तरीके, आकस्मिक हमले से खुद को सुरक्षित रखने के उपाय का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में शामिल बालिकाओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखकर आत्मविश्वास से भरा अनुभव किया। बालिकाओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उनमें न केवल हिम्मत बढ़ी है बल्कि वे खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। इस दौरान स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली व नंद बॉक्सिंग एकेडमी जिला महासचिव और एनआईएस कोच कुमार नंदजी ने कहा कि इस तरह की पहल से समाज में बेटियों के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा बालिकाएं आत्मविश्वासी बन सकें। इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर दुर्गेश पांडेय, प्रिंसिपल लवी एस जेम्स सहित अन्य रहे।