चंदौली में गंगा का जलस्तर खतरनाक ढंग से बढ़ रहा है। शनिवार को जहां गंगा का जलस्तर 68.94 मीटर था वहीं रविवार को बढ़कर बाढ़ की चेतावनी बिंदू 70.26 मीटर को पार कर प्रतिघंटे करीब 6 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़कर 70.34 मीटर पर पहुंच गया। शाम तक गंगा का पानी तटवर्ती गांवों में घुसने लगा। तेजी से बढ़ रही गंगा को देख कर तट पर बसे लोग ऊंचे स्थानों पर जाने लगे हैं। जिस रफ्तार से गंगा का जल स्तर बढ़ रहा है उससे बाढ़ की आशंका से लोग दहशतजदा हो गए हैं। पिछले चार दिनों से गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ाव जारी है। शुक्रवार से इसकी रफ्तार अत्यधिक तेज हो गई। दस सेमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गंगा का जल स्तर बढ़ने से तटों तक पानी पहुंच गया है। शुक्रवार से शनिवार तक चौबीस घंटे में गंगा का जल स्तर 3 मीटर तक बढ़ गया।