टांडा कला ग्राम सभा स्थित श्री सरस्वती इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर मयंक स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित अंतर्जनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांच जारी है। प्रतियोगिता के ताजा मुकाबले में धराव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नादी की टीम को 2-0 से पराजित कर अगले दौर में अपनी जगह सुरक्षित कर ली। खेल की शुरुआत मुख्य अतिथि बलुआ थाना के उप निरीक्षक अनंत भार्गव एवं मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल पर किक लगाकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया। 80 मिनट के इस कड़े मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। खेल के पहले हाफ में धराव की टीम शुरू से ही आक्रामक नजर आई।