चंदौली जनपद के अग्निशमन अधिकारी अमित राय ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर किसानों को गेहूं की फसल में लग रही आग को लेकर सतर्क किया है। उन्होंने किसानों से सावधानी बरतने और आग लगने की स्थिति में तुरंत उचित कदम उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आग लगने पर किसान हवा के विपरीत दिशा में खड़े होकर झाड़-झंखाड़ या हरी टहनियों से आग को पीटकर उसे नियंत्रित कर सकते हैं। इसके अलावा आग फैलने से रोकने के लिए आग के आगे वाले हिस्से में ट्रैक्टर से जुताई करने पर भी काबू पाया जा सकता है। अग्निशमन अधिकारी ने हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके। साथ ही 112 नंबर पर भी कॉल कर सहायता ली जा सकती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल के आसपास सूखी घास या ज्वलनशील पदार्थ न रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि आग की घटनाओं को रोका जा सके।