टांडा सोनबरसा गंगा घाट पर विराजमान आदि शक्ति मां घटवारी एवं मां शायर का 21वां वार्षिक शृंगार महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान गंगा घाट माता का दरबार जयकारे से गूंजता रहा। तीन दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन आयोजित बिरहा गायन के मुकाबले ने श्रद्धालुओं को पूरी रात बांधे रखा। महोत्सव के शुरुआती दो दिनों में अखंड हरी कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय व बाहरी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समूचे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शुक्रवार की रात आयोजित ''बिरहा मुकाबला'' रहा। रात 9 बजे से शुरू हुए इस मुकाबले में बिहार की कलाकार रवीना रंजन रवि और गाजीपुर के प्रख्यात गायक प्रमोद यादव के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रसंग सुनाकर हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। बिरहा का यह दौर शनिवार सुबह 5:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। मुख्य अतिथि एडवोकेट इंद्रसेन तिवारी एवं रमेश यादव का आयोजन समिति ने अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण क स्वागत किया। शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में बलुआ थाना पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा। महोत्सव के दौरान अनिल निषाद, जितेंद्र निषाद, दिलीप निषाद, साजन साहू, विनोद राम, टी. वर्धन आदि थे।