सोनबरसा गांव के निवासियों को 72 घंटे बाद शनिवार शाम बिजली आपूर्ति बहाल होने से राहत मिली। गांव में लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर की खूंटी जल जाने से बीते तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप थी, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी और पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से घरों में पंखे बंद रहे और पानी के लिए ग्रामीणों को सरकारी हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, जिसके बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आनंद सोनकर की पहल पर मरम्मत कार्य तेज हुआ। शनिवार को मारूफपुर उपकेंद्र के संविदा कर्मचारी अजय मौर्या, विनोद यादव और दर्शन प्रजापति ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की नई खूंटी जोड़ने का कार्य पूरा किया और शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। गांव के लोगों ने मरम्मत टीम और ग्राम प्रतिनिधि का आभार जताया, लेकिन साथ ही बिजली विभाग से मांग की कि भविष्य में ऐसी समस्याओं का त्वरित समाधान हो ताकि आमजन को परेशानी न उठानी पड़े।