सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला गंगा समिति चंदौली की ओर से कंपोजिट विद्यालय चंधासी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी ने बच्चों से एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने लौह पुरुष सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्ष और देश की एकता-अखंडता में दिए गए योगदान से बच्चों को रूबरू कराया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, डॉल्फिन संरक्षण एवं गंगा की स्वच्छता को लेकर बच्चों को जागरूक किया गया। अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ गंगा और स्वच्छ पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। बच्चों को अपने स्तर से जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सफाई के लिए पहल करने की प्रेरणा दी गई। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।